VaranasiWeather

अत्यधिक ठंड और कोहरे का असर: वाराणसी में कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद — जानिए कब तक बंद रहेंगे स्कूल

जिलाधिकारी के निर्देश पर 7, 8 और 9 जनवरी 2026 तक कक्षाएँ स्थगित, शिक्षक-कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा

माधवी मिश्रा, वाराणसी

 

वाराणसी। जनपद में पड़ रही कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि जनपद में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक संचालित सभी विद्यालयों का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार 7, 8 एवं 9 जनवरी 2026 तक कक्षा 8 तक के सभी राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ CBSE, ICSE एवं अन्य बोर्ड के स्कूल भी बंद रहेंगे। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य व सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए लिया गया है, क्योंकि जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।

हालाँकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति पूर्व की भाँति अनिवार्य रहेगी और विभागीय व शैक्षणिक कार्य यथावत संचालित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

मौसम विभाग की चेतावनियों तथा लगातार गिरते तापमान को देखते हुए अभिभावकों ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है। प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि अभिभावक बच्चों को ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम के साथ घर से बाहर निकालें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button