Varanasi

अवैध मिट्टी खनन बना नाबालिग चालक की मौत का कारण, चौबेपुर में शव रखकर चक्काजाम; थाने पर मिलीभगत का आरोप

विशाल कुमार

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे ने अवैध मिट्टी खनन के काले सच को फिर से उजागर कर दिया। बलधूस मिट्टी लदे एक ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पुलिया पर चढ़ जाने से ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।

 

मृतक चालक के परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार को भगतुआ चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। परिजनों ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मृतक नाबालिग था, जिसे अवैध मिट्टी खनन से जुड़े माफिया रुपए-पैसों का लालच देकर ट्रैक्टर चलवाने का काम करवा रहे थे।

ग्रामीणों ने भी इस दौरान अवैध मिट्टी खनन को लेकर नाराजगी जाहिर की और स्थानीय थाने पर खनन माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया। उनका कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है, लेकिन पुलिस और प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं, जिसका खामियाजा एक नाबालिग को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।

कई घंटों तक चले चक्काजाम के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस टीम ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button