कंपोजिट विद्यालय सोनबरसा में समर कैंप का भव्य शुभारंभ, बच्चों में दिखा उत्साह

रिपोर्ट: विशाल कुमार
वाराणसी। ग्राम सभा सोनबरसा स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को समर कैंप का भव्य शुभारंभ हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में यह आयोजन मील का पत्थर साबित हो सकता है। समर कैंप का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष पि.मो. विजय राज यादव सहित मुक्ति मौर्य, श्यामकार्तिक मिश्रा, देवमणि त्रिपाठी और धनंजय भारद्वाज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
बच्चों के समग्र विकास का मंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समर कैंप बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान यह आयोजन बच्चों की सीखने की क्षमता को निखारने का अवसर देगा।
अवनीश पाठक ने कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली अंदाज़ में किया, जिससे पूरा माहौल शैक्षणिक और उत्साहवर्धक बना रहा।
कार्यक्रम में इनकी रही भागीदारी
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सविता सक्सेना, शिक्षिकाएं आशा यादव, पल्लवी मिश्रा, विद्या देवी, शिक्षक जयप्रकाश चौबे, महेंद्र तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर में बच्चों की मुस्कान, रंग-बिरंगे पोस्टर और प्रशिक्षण गतिविधियों की झलकियों ने समर कैंप की शुरुआत को यादगार बना दिया।




