Chandauli

कांटा गांव में जमीनी विवाद पर विधवा महिला से मारपीट, ससुर-देवरों पर आरोप; घर का सामान तोड़कर सड़क पर फेंका

चंदन सिंह, चन्दौली

 

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के कांटा गांव में रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे जमीनी विवाद को लेकर एक विधवा महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने न केवल महिला को पीटा, बल्कि उसके घर का सामान तोड़फोड़ कर बाहर फेंक दिया। पीड़िता ने अपने ससुर और दोनों देवरों पर यह आरोप लगाया है।

 

पीड़िता चंद्रकला मौर्या (पति स्व. मनोज मौर्या) ने बताया कि वर्ष 2020 में उनके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार से अलग होकर वह अपने एक बेटे और एक बेटी के साथ रह रही हैं। परिवार के लिखित समझौते के तहत जीवन-यापन के लिए उन्हें एक बीघा खेत मिला था।

चंद्रकला के अनुसार, रविवार को वह इसी खेत में गेहूं की बुवाई कर रही थीं, तभी उनके ससुर और दोनों देवर वहां पहुंचे। खेत पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ और तीनों ने मिलकर उनसे मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि पति की मौत के बाद से ही ससुराल वाले लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।

मारपीट के बाद आरोपियों ने घर में घुसकर सामान तोड़ा और उसे सड़क पर फेंक दिया। घटना के बाद चंद्रकला थाने पहुंची और प्रार्थना-पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

थाना प्रभारी विंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि महिला का प्रार्थना-पत्र मिल गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button