
~ किरकिरी के बाद चेती पुलिस
~ चेकिंग को लेकर सीपी ने जारी की गाइडलाइंस.
~ वाराणसी पुलिस आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
~ चेकिंग के दौरान नागरिकों से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों के आचरण और व्यवहार को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में थानों और यातायात चेकिंग के दौरान आम नागरिकों से दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आई थीं। विशेषकर भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता से चेकिंग के दौरान मारपीट की घटना के बाद पुलिस आयुक्त ने तत्काल यह कदम उठाया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की घटनाएँ न केवल अनुचित हैं बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी धूमिल करती हैं और जनता के बीच नकारात्मक संदेश प्रसारित करती हैं। सभी थाना प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों—उपनिरीक्षक, आरक्षी एवं होमगार्ड—को सख्ती से ब्रीफ करें।
निर्देशों के मुख्य बिंदु:
- यातायात नियम तोड़ने वालों पर केवल मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- आमजन के साथ किसी भी परिस्थिति में दुर्व्यवहार या अशोभनीय व्यवहार नहीं होगा।
- वाहन चेकिंग मुख्यतः संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर केंद्रित रहेगी (जैसे बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, तीन सवारी करने वाले, मुँह पर कपड़ा बांधने वाले युवक)।
- परिवार सहित यात्रा करने वालों से सम्मानजनक और शालीन व्यवहार अनिवार्य होगा।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इन निर्देशों का उद्देश्य वाराणसी पुलिस की छवि को सुधारना और जनता के बीच विश्वास बहाल करना है।




