गर्मी में आमजन बूंद-बूंद पानी को तरस रहा, क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों से बह रहा हजारों लीटर पेयजल
राजातालाब क्षेत्र में कई जगहों पर जर्जर पाइप लाइनों से हो रही पानी की बर्बादी, टंकी से पहुंचने से पहले ही बह जा रहा अधिकांश पानी

रिपोर्ट: राजकुमार गुप्ता
– भिखारीपुर, मेहंदीगंज, पंचमुखी मंदिर समेत कई स्थानों पर पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त
– टंकी से सप्लाई शुरू होते ही हजारों लीटर पानी हो रहा जाया
– लोगों को नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी, विभाग से लगातार मरम्मत की मांग
– ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने मरम्मत शुरू करने का किया दावा
वाराणसी (मिर्जामुराद)। एक तरफ जहां क्षेत्र में गर्मी के कारण पानी के लिए त्राहि त्राहि मच रही है वहीं, दूसरी तरफ यहाँ कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त जल आपूर्ति की पाईप लाइनों में पेयजल बर्बाद हो रहा है।
वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच जब हर घर में पानी की किल्लत है, क्षेत्र में क्षतिग्रस्त जल आपूर्ति पाइप लाइनों से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। यहां भी इसके कारण भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं जलापूर्ति विभाग की लापरवाही के चलते बेशकीमती पेयजल सड़कों पर बहकर नालियों में समा रहा है।
भिखारीपुर स्थित बीएसएल ऑफिस के पास, रेलवे क्रॉसिंग व हाईवे किनारे, और पंचमुखी हनुमान मंदिर (मेहंदीगंज मोड़) के पास कई जगहों पर मुख्य जल आपूर्ति पाइप लाइनों में बड़े पैमाने पर लीकेज हो गया है। इसके कारण टंकी से छोड़ा गया अधिकतर पानी रास्ते में ही बह जाता है और रानी बाजार, कचनार, परसुपुर, राजातालाब, भिखारीपुर जैसे इलाकों के लोगों को घरों तक पानी की सप्लाई कम प्रेशर में मिलती है या पूरी तरह बंद हो जाती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि भिखारीपुर गांव की टंकी से जुड़ी पाइप लाइनें करीब 25-30 साल पुरानी हैं, जिनकी हालत अब जर्जर हो चुकी है। आये दिन कहीं न कहीं पाइप लाइन फट जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जलापूर्ति विभाग का शेड्यूल भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। विभाग कभी सुबह, कभी देर रात पानी छोड़ता है, जिसकी जानकारी अधिकांश लोगों को नहीं होती। ऐसे में समय से पानी न मिलने पर घरों के लोग टंकी पर निर्भर हो जाते हैं, जो पर्याप्त नहीं होती।
विभाग ने मरम्मत शुरू करने का किया दावा
इस पूरे मामले में जब ग्रामीण जलापूर्ति विभाग से संपर्क किया गया तो सहायक अभियंता अभिमन्यु सिंह ने बताया,
“हमें सूचना मिलते ही तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया गया है। गर्मी में पानी की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में सभी से अनुरोध है कि जल का इस्तेमाल केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही करें।”
फिलहाल, इलाके के लोग विभाग से मांग कर रहे हैं कि पूरी पाइप लाइन को बदलवाया जाए, ताकि लंबे समय तक जल संकट से राहत मिल सके।




