गाज़ीपुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा व जागरूकता को लेकर चला विशेष अभियान

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–05” के तहत शनिवार (27 सितंबर 2025) को जनपद गाज़ीपुर में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस विभाग ने कई कार्यक्रमों का आयोजन किया।
मंदिरों और पंडालों में महिलाओं को किया गया जागरूक
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित दुर्गा माता मंदिरों और पंडालों में महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी गई। इस दौरान पंपलेट भी वितरित किए गए।
मुख्य बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल ने मुख्य बाज़ारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त की। गश्त के दौरान लोगों को मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी गई और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर महिला जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी-रोमियो टीम की सक्रियता
संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी-रोमियो टीम ने गश्त कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की। इससे छेड़खानी और सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया।
स्कूली वाहनों और अन्य वाहनों पर सख्ती
वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया, जिसमें हूटर, काली फिल्म, लाल-नीली बत्ती, गलत नंबर प्लेट और स्टंट करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रेलवे स्टेशन पर चला जागरूकता अभियान
स्थानीय रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ की मदद से यात्रियों को महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को मजबूत किया जा सके।




