Ghazipur

गाजीपुर: उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 बीएलओ सम्मानित, नीरू चौरसिया रहीं टॉपर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कई बूथों व गांवों का किया निरीक्षण

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

गाजीपुर, 27 नवंबर 2025। सैदपुर तहसील क्षेत्र में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को तेजी देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर ने सक्रियता दिखाई है। बुधवार को उन्होंने 15 ऐसे बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को सम्मानित किया जिन्होंने विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सम्मान समारोह में सबसे बेहतरीन कार्य करने वाली बीएलओ नीरू चौरसिया को प्रथम स्थान मिला। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने उन्हें इनाम स्वरूप स्मार्ट वॉच भेंट की, जबकि शेष 14 बीएलओ को आकर्षक गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। श्री सुधाकर ने सभी बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने में इनका योगदान सराहनीय है।

सम्मान कार्यक्रम के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट खुद कई मतदान केंद्रों व गांवों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने मैनपुर, बसुपुर सहित कई गांवों में जाकर बीएलओ के कार्य की जमीनी हकीकत जांची। निरीक्षण के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-7 व फॉर्म-8 की प्राप्ति व निस्तारण स्थिति, नए मतदाताओं का पंजीकरण तथा मृत व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के कार्य की गहन समीक्षा की।

जिन बूथों पर कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, वहां संबंधित बीएलओ को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी बीएलओ के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि 5 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए तथा अपात्र नाम हटाए जाएं, ताकि आगामी चुनाव में शुद्ध व अद्यतन मतदाता सूची उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के लेखपाल, राजस्व कर्मी व अन्य अधिकारी भी साथ रहे। बीएलओ के इस सम्मान व निरीक्षण से क्षेत्र में मतदाता पुनरीक्षण कार्य को और तेजी मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button