GhazipurCrime

गाजीपुर: करंडा में दिनदहाड़े फायरिंग, एक बदमाश ग्रामीणों ने दबोचा, दो फरार

स्थानीय लोगों की बहादुरी से एक हमलावर पकड़ा गया, लेकिन दो अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

ख़बर भारत डेस्क

 

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के तुलापट्टी उर्फ ब्राह्मणपुरा गांव में शुक्रवार सुबह करीब पौने आठ बजे उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने गांव के ही निवासी अमितेश मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अमितेश मिश्रा सुबह गांव में ही योगेश दुबे के घर के बाहर तीन लोगों के साथ बैठे हुए थे, तभी बाइक पर सवार होकर तीन हमलावर वहां पहुंचे। उनमें से दो बदमाश बाइक से उतरकर अमितेश पर गोलियां बरसाने लगे। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग सकते में आ गए, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। वहीं उसके दो साथी मौका पाकर फरार हो गए।

ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को जमकर हड़काने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनते ही करंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल अमितेश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि अमितेश मिश्रा के भाई राजेश मिश्रा की भी कुछ वर्ष पहले इसी तरह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिससे यह मामला और गंभीर माना जा रहा है। गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियातन भारी फोर्स तैनात कर दी है।

फिलहाल पकड़े गए आरोपी से थाने में पूछताछ की जा रही है और बाकी फरार दो बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।

 

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में लगा वृहद स्वास्थ्य शिविर, 346 लोगों की हुई जांच, 53 को मिला मानसिक परामर्श

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button