गाजीपुर: तिहरे हत्याकांड में लापरवाही पड़ी भारी, नपे गहमर और सैदपुर के कोतवाल समेत 4 पुलिसकर्मी, SP ने की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए तिहरे हत्याकांड को लेकर पुलिस विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गहमर कोतवाल दीनदयाल पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं सैदपुर कोतवाल शैलेश कुमार मिश्रा और गहमर थाने में तैनात दो सिपाहियों को निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कानून-व्यवस्था और विवेचना से जुड़े कार्यों में लापरवाही सामने आई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
एसपी गाज़ीपुर ने स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रमोद कुमार सिंह को गहमर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। नए थानाध्यक्ष को निष्पक्ष जांच, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



