गाजीपुर: मिशन शक्ति 5.0 के तहत 10वीं की छात्रा बनी एक दिन की थानाध्यक्ष
राहुल पटेल, गाज़ीपुर

गाजीपुर। भांवरकोल थाने पर शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस एक अनूठे अनुभव का गवाह बना। प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति 5.0 योजना के तहत ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल, अवथहीं की कक्षा 10 की छात्रा शिवांगी मिश्रा ने एक दिन के लिए थानाध्यक्ष का पदभार संभाला।
फरियाद सुनीं और दिए निर्देश
शिवांगी मिश्रा ने थानेदार की कुर्सी पर बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर संबंधित लेखपाल को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया।
‘मिशन शक्ति 5.0’: वाराणसी में नन्हीं बच्चियों ने एक दिन के लिए संभाली ACP साइबर क्राइम की कुर्सी
शिवांगी का अनुभव
इस अवसर पर शिवांगी ने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा दिया गया यह मौका उनके लिए बेहद खास और अनूठा अनुभव रहा। उन्होंने महसूस किया कि समाज में शांति और न्याय स्थापित करने में पुलिस की कितनी अहम भूमिका होती है।
थानाध्यक्ष का संदेश
वहीं, भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने कहा कि आज के समय में विवादों से बचने के लिए सूझबूझ और समझदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव की दिशा में सक्रिय रहने की अपील की।
मौके पर रहे अधिकारी
इस खास मौके पर एसआई मोरध्वज दूबे समेत अन्य पुलिसकर्मी और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने छात्रा को पूरा सहयोग दिया।




