चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डीसीएम से पकड़ी 900 लीटर अंग्रेजी शराब, पंजाब से बिहार ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
रंधा सिंह, चन्दौली

- पुलिस ने डीसीएम से पकड़ी 900 लीटर अंग्रेजी शराब
- दो तस्कर गिरफ्तार, वाहन सीज
- शराब की कीमत लगभग नौ लाख रुपये
- पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी खेप
- एसओजी और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चंदौली। जनपद की पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार की रात बड़ी सफलता हासिल की। एसओजी और मुगलसराय कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक डीसीएम वाहन से लगभग 900 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार में कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।
प्रेसवार्ता के दौरान सीओ पीडीडीयू नगर कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस को बिहार मद्य निषेध इकाई से सूचना मिली थी कि पंजाब से एक डीसीएम वाहन में अवैध शराब बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर एसओजी प्रभारी आशीष मिश्रा और मुगलसराय कोतवाली प्रभारी गगनराज सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात ग्राम मिल्कीपुर हाइवे के पास चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान टेंगरा मोड़ की ओर से बिहार की तरफ जा रही डीसीएम (संख्या UP53 GT 2368) को रोका गया। प्रारंभिक तलाशी में कुछ नहीं मिलने पर जब पुलिस ने वाहन की गहन जांच की, तो ट्रक के बेसमेंट में छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि वाहन से 23 पेटी इंपीरियल ब्लू (750 एमएल) और 77 पेटी इंपीरियल ब्लू (375 एमएल) की बोतलें मिलीं। कुल मात्रा करीब 900 लीटर अंग्रेजी शराब आंकी गई है।
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में यह सामने आया कि शराब पंजाब से लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने वाहन और शराब को कब्जे में लेकर तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ कृष्णमुरारी शर्मा ने कहा कि शराब तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।




