सड़क किनारे मिली युवक की की लाश: परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, आधीरात तक होता रहा हंगामा
नीरज सिंह, वाराणसी

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के कपिसा बाइपास (दानगंज बाइपास) पर शुक्रवार देर रात एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मवैया निवासी सोनू गुप्ता (पुत्र दिलीप गुप्ता) के रूप में हुई है।
परिजनों व स्थानीय लोगों ने इसे सड़क दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया और हत्या का आरोप लगाते हुए वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर जोरदार चक्काजाम शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोक दिया।
परिजनों के अनुसार, सोनू गुप्ता अपनी बाइक से किसी से पैसे का तगादा करके घर लौट रहा था। घटनास्थल पर सड़क निर्माण के कारण मिट्टी का बड़ा ढेर पड़ा हुआ था और रास्ता आधा-अधूरा बंद था। इसी जगह सड़क किनारे सोनू का शव मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस की 112 पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और सोनू को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों का दावा है कि यह कोई सड़क हादसा नहीं है, बल्कि सोनू की हत्या करके शव को यहां फेंका गया है। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर ही रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस के शव को कब्जे में लेने के प्रयास का भी जमकर विरोध किया। पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और उच्चाधिकारी लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया, मामले की जांच की जा रही है।




