जौनपुर में दर्दनाक हादसा: पानी भरे गड्ढे में गिरने से 3 वर्षीय मासूम की मौत
खेलते-खेलते गड्ढे में गिरी बच्ची, ग्रामीणों ने निकाला लेकिन अस्पताल में हुई मौत — परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रिपोर्ट: राजकुमार बेनवंशी।
जौनपुर। जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र के भगासा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दरवाजे पर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची नव्या की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, नव्या अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरे स्थान पर थी। घटना के समय उसकी मां घर के कामकाज में व्यस्त थीं जबकि पिता राहुल पटैला बाजार गए हुए थे। खेलते-खेलते नव्या अचानक घर के पास बने पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी।
कुछ देर बाद बच्ची के बड़े पिता को गड्ढे में किसी बच्चे का हाथ नजर आया। उन्होंने शोर मचाया और उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन खुद भी डूबने लगे। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह बच्ची को बाहर निकाला और शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हादसों से बचाव के लिए पानी भरे गड्ढों के आसपास सुरक्षा उपाय करना बेहद जरूरी है। खासकर छोटे बच्चों पर लगातार नजर रखना चाहिए ताकि किसी मासूम की जिंदगी ऐसी दर्दनाक घटना में खत्म न हो।



