जौनपुर में संदिग्ध ड्रोन उड़ाने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने ड्रोन और रिमोट किया जब्त
मड़ियाहूं इलाके में दिखा संदिग्ध ड्रोन; स्थानीय लोगों में दहशत, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ा

रिपोर्ट: राजकुमार बेनवंशी।
जौनपुर। जौनपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में रविवार को संदिग्ध रूप से उड़ रहे एक ड्रोन ने इलाके में सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन उड़ा रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक नान्हू यादव को ग्राम शीतलगंज के पास एक संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ड्रोन व उसके रिमोट को अपने कब्जे में ले लिया।
मौके से गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान प्रियाशू चौरसिया पुत्र महेश चौरसिया निवासी शीतलगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह ड्रोन मुंबई से मात्र पाँच हजार रुपये में खरीदा था और महज मनोरंजन के लिए उड़ा रहा था।
हालांकि, ड्रोन उड़ते देख आसपास के लोगों में भय और भ्रम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मु0अ0सं0 456/25 धारा 353(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न न हो।




