तेजस राजधानी एक्सप्रेस में संदिग्ध सामान की सूचना से मचा हड़कंप, डीडीयू जंक्शन पर घंटों खड़ी रही ट्रेन

रंधा सिंह, चन्दौली
चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब 12309 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में संदिग्ध सामान होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। ट्रेन के डीडीयू जंक्शन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म संख्या चार पर उसे रोक दिया गया, जहां करीब दो घंटे से अधिक समय तक ट्रेन खड़ी रही।
मौके पर सीओ डीडीयूनगर, सीओ जीआरपी के साथ आरपीएफ, जीआरपी और मुगलसराय कोतवाली पुलिस की टीमें पहुंचीं। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में प्लेटफॉर्म को खाली कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। यात्रियों में भय का माहौल देखने को मिला।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम डिपोजल स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने ट्रेन के कोचों और संदिग्ध सामान की गहन जांच की। घंटों चली जांच के दौरान स्टेशन पर आवाजाही नियंत्रित रही। जांच पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही है।




