त्योहारों से पहले प्रशासन सख्त — सैदपुर में 100 किलो सड़ा खोवा जब्त, दुकानदार पर कार्रवाई
रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर ब्यूरो

गाज़ीपुर। त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजारों में मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की भरमार देखी जा रही है। दीपावली नजदीक होने के कारण बाजारों में मिठाइयों और खोवा की मांग तेजी से बढ़ी है, लेकिन इसी के साथ मिलावटखोरी का कारोबार भी चरम पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए गाज़ीपुर प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग सतर्क मोड में आ गया है।

सोमवार को सैदपुर क्षेत्र में जॉइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर के नेतृत्व में खाद्य आपूर्ति विभाग और सप्लाई इंस्पेक्टर की टीम ने खोवा मंडी और मिठाई की दुकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान एक खोवा दुकान से लगभग 80 से 100 किलो सड़ा हुआ खोवा बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, जैसे ही अधिकारियों ने दुकान पर रखे खोवे के डिब्बे खोले, वहां से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि खोवा पूरी तरह सड़ चुका था। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खोवा जब्त कर थाने भेजा और दुकान संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
जॉइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। टीम ने इस दौरान मिठाई की कई अन्य दुकानों से भी सैंपलिंग की, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मिठाइयां या दूध उत्पाद खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और ताजगी की जांच अवश्य करें, ताकि मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थों से बचा जा सके।




