Varanasi

थाने में महिला से मारपीट का आरोप, अस्पताल में भर्ती — पुलिस पर लापरवाही का गंभीर सवाल

प्रेम प्रसंग के मामले में पूछताछ के नाम पर बुजुर्ग महिला से दुर्व्यवहार का आरोप, परिवार ने न्याय की गुहार लगाई

राहुल पटेल, ख़बर भारत, गाज़ीपुर

 

गाजीपुर। जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक प्रेम प्रसंग के केस में पूछताछ के लिए थाने लाई गई महिला ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, गुनिया देवी (पत्नी स्व. ओमप्रकाश बिंद) को पुलिस ने थाने में बुलाया और वहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह पूरा मामला गण्डपा गांव के एक पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। करीब छह महीने पहले गांव के कल्लू बिंद पुत्र मार्कण्डे बिंद अपनी गांव की ही खुश्बू गोंड़ पुत्री भुवर गोंड़ को लेकर फरार हो गया था। तब से पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। बताया जा रहा है कि 10 अक्टूबर को पुलिस टीम कल्लू बिंद के घर पहुंची, लेकिन वह और उसके परिवार के सदस्य घर पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उसी गांव की गुनिया देवी को पूछताछ के लिए थाने बुला लिया।

परिजनों का आरोप है कि गुनिया देवी का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं था और वे कल्लू बिंद के परिवार से वर्षों से अलग रह रही थीं। इसके बावजूद उन्हें थाने ले जाकर पुरुष पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के दौरान पीटा, जबकि मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी।

परिवार का कहना है कि महिला को कई घंटों तक हिरासत में रखा गया और तबीयत बिगड़ने पर पुलिस बिना किसी चिकित्सा सहायता के उन्हें छोड़कर चली गई। बाद में परिजनों ने उन्हें गाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।

परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि न तो नियमों का पालन किया गया और न ही उम्रदराज महिला के प्रति संवेदनशीलता दिखाई गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है और लोग पुलिस व्यवहार पर जवाब मांग रहे हैं।

फ़िलहाल पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि यदि मारपीट के आरोप सही पाए गए तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button