
चंदन सिंह, चन्दौली
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात कुछ दबंग युवकों ने अधिवक्ता अभिलेष तिवारी पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल अवस्था में अधिवक्ता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार कार से शुरू हुई बहस बनी हमले की वजह
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता अभिलेष तिवारी देर रात अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। इसी दौरान बैटल रेस्टोरेंट के पास एक कार (संख्या UK-07-BB-7514) तेज रफ्तार में आई और लगभग टकराने से बची। अधिवक्ता ने कार सवार युवकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी, जिससे वे भड़क उठे।
छह हमलावरों ने किया हमला, लूटे पैसे और कागजात
आरोप है कि कार सवार युवकों- सुरेश यादव, दीपक मौर्या, भानु राय, सुन्दरम सिंह, चकजु जायसवाल और रिशु जायसवाल ने अधिवक्ता पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान उनकी जेब से ₹3800 नगद और महत्वपूर्ण कागजात भी लूट लिए गए। विरोध करने पर हमलावरों ने अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दी और गालियां देते हुए फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को वाराणसी रेफर
हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश शुरू
सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने अधिवक्ता का बयान दर्ज कर मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय अधिवक्ताओं में रोष, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं में गहरा आक्रोश फैल गया। अधिवक्ता संघ ने इस हमले को “कानून के रखवालों पर हमला” बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।




