नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने SP कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन — पति और सास की गिरफ्तारी की मांग तेज़
सुहवल थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव की घटना; परिजनों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

रिपोर्ट: राहुल पटेल।
गाज़ीपुर। गाज़ीपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सुहवल थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में 26 सितंबर को 21 वर्षीय नवविवाहिता पूनम देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सोमवार को मृतका के परिजन न्याय की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपी पति ऋतिक बिंद व सास की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज़ोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि पूनम की हत्या दहेज के लिए की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के दिन सुबह पूनम देवी अपने ससुराल में बिस्तर पर मृत मिली थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि पूनम चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसकी शादी आठ महीने पहले हुई थी।
मृतका के भाई मनीष बिंद की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिसके बाद शव का विसरा जांच के लिए वाराणसी भेजा गया है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा।




