VaranasiNews

न रसीद देंगे, न गाड़ी खड़ी करने देंगे, अवैध पार्किंग कर मनबढ़ों ने वसूला पैसा

युवक की तोड़ी गाड़ी, बताया चौकी प्रभारी कैथी अनिल सिंह के आदेश पर चल रहा है पार्किंग

अंकित मिश्रा, ख़बर भारत

 

 

~ न रसीद देंगे, न गाड़ी खड़ी करने देंगे, अवैध पार्किंग कर मनबढ़ों ने वसूला पैसा

~ युवक की तोड़ी गाड़ी, बताया चौकी प्रभारी कैथी अनिल सिंह के आदेश पर चल रहा है पार्किंग

~ अवैध पार्किंग और वसूली का मामला, थाना चौबेपुर व चौकी प्रभारी कैथी की भूमिका संदिग्ध

 

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लेकिन मंदिर से लगभग दो किलोमीटर पूर्व इलाके में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध पार्किंग की जा रही है, जहां दर्शनार्थियों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। इस दौरान एक युवक के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है, जिसमें उसकी मोटरसाइकिल तोड़ दी गई। पीड़ित ने पुलिस की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

 

अवैध पार्किंग और जबरन वसूली का सिलसिला

रविवार सुबह महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर अवैध पार्किंग में कराया जा रहा है। स्थानीय कुछ युवकों द्वारा यहां जबरन वाहन खड़े कराए जा रहे हैं और दर्शनार्थियों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं। कोई आधिकारिक पार्किंग पर्ची नहीं दी जा रही है, न ही कोई व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा दिखाई दे रही है।

श्रद्धालु बताते हैं कि यह अवैध पार्किंग मंदिर के मुख्य मार्ग पर हो रही है, जिससे दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग मजबूरी में पैसे देकर वाहन खड़े कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह गैरकानूनी है।

मनबढ़ों ने युवक की मोटरसाइकिल तोड़ी, विरोध पर मारपीट

चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी से दर्शन करने आए युवक साजन कुमार ने अवैध वसूली का विरोध किया। इसके बाद स्थानीय मनबढ़ युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल पर हमला कर उसे तोड़ दिया। पीड़ित साजन कुमार छात्र हैं और महाशिवरात्रि के मौके पर मात्र भोलेनाथ के दर्शन के लिए आए थे।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कैथी चौकी इंचार्ज अनिल सिंह से शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने घटना को समझने या कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पर ही भड़क गए। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता, जहां जाना हो जाओ।” पीड़ित का आरोप है कि अवैध पार्किंग करने वाले युवकों ने दावा किया कि यह सब चौकी इंचार्ज के आदेश पर हो रहा है।

पुलिस की प्रतिक्रिया और संदिग्ध भूमिका

घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष चौबेपुर से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं, मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज अनिल सिंह ने भी अनभिज्ञता जताई। पीड़ित साजन कुमार ने लिखित शिकायत थाने में दी है और स्थानीय थानाध्यक्ष को भी अवगत कराया है। उन्होंने मनबढ़ युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने कहा, “हम छात्र हैं और सिर्फ दर्शन करने आए थे। यहां अवैध पार्किंग हो रही है, न कोई पर्ची दी जा रही है, न कोई व्यवस्था। इसमें स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध लग रही है, क्योंकि आरोपियों का कहना है कि चौकी इंचार्ज के आदेश पर यह सब हो रहा है।”

श्रद्धालुओं में आक्रोश, प्रशासन से मांग

महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक अवसर पर लाखों श्रद्धालु मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंचते हैं। प्रशासन द्वारा पहले से सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था का दावा किया जाता है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय स्तर पर लापरवाही उजागर कर दी है। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो और पुलिस की निष्पक्ष जांच हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button