बच्चों से ईंटें ढुलवाने का आरोप, प्रधानाध्यापक ने किया खंडन, कहा- कार्य अनुभव परीक्षा के लिए समान कर रहे थे इकट्ठा
अंकित मिश्रा, खानपुर, गाज़ीपुर

खानपुर (गाज़ीपुर)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जनपद गाज़ीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विझवल ग्राम सभा स्थित एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में ईंटें ढोते हुए दिख रहे हैं। वीडियो देखकर बिना कुछ समझे बुझे लोगों में आक्रोश फैल गया और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे, जबकि यह घटना वैसी नहीं जैसी वीडियो में दिखाई जा रही है। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने छोटे-छोटे बच्चे ईंटें उठाकर एक जगह से दूसरी जगह ले जाते दिख रहे हैं। यह दृश्य देखकर कई लोगों ने इसे बाल श्रम और स्कूल में बच्चों से मजदूरी करवाने का मामला बताया। वीडियो के कैप्शन और कमेंट्स में अभिभावकों एवं नागरिकों ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई यूजर्स ने इसे “शिक्षा के मंदिर में मजदूरी” करार दिया।
मौके पर पहुंची ख़बर भारत की टीम, सच्चाई निकली कुछ और
खबर भारत की टीम ने वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार व बच्चों से भी बातचीत हुई। प्रधानाध्यापक ने पूरे मामले को स्पष्ट करते हुए बताया कि वीडियो भ्रामक तरीके से प्रसारित किया जा रहा है, जिसका की सच्चाई से कोई लेना देना ही नहीं है।
प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार का बयान
प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार ने कहा, “कल छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा है। परीक्षा की तैयारियों के सिलसिले में बच्चों को कुछ गतिविधियां बताई गई थीं, जैसे कागज का घर बनाना या अन्य क्रिएटिव कार्य। इसी दौरान कुछ बच्चे ईंटें उठाकर घर जैसी संरचना बनाने लगे। हमने उन्हें तुरंत मना किया कि यह काम आज नहीं, कल परीक्षा के लिए करना है। इतने में किसी ने यह छोटा-सा क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि स्कूल में कोई निर्माण कार्य नहीं चल रहा है और न ही बच्चों से कोई मजदूरी करवाई जा रही है। यह मात्र एक गलतफहमी है जिसे जानबूझकर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




