बिछुड़नाथ तिराहे पर तमंचे संग धराया सोनू यादव, आधा दर्जन मुकदमों वाला बदमाश चेकिंग में चढ़ा हत्थे
खानपुर पुलिस की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ कुख्यात सोनू यादव गिरफ्तार

रिपोर्ट: अंकित मिश्रा
खानपुर, गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खानपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्षेत्र के बिछुड़नाथ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना बीती रात की है जब थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में रूटीन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध असलहा लेकर बूढ़ीपुर की तरफ से चोलापुर की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और बिछुड़नाथ तिराहे पर घेराबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस के रुकने का इशारा करते ही वह युवक घबराहट में गाड़ी मोड़ने लगा लेकिन असंतुलन के कारण वहीं गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित उर्फ सोनू यादव पुत्र राजेन्द्र यादव निवासी नारायनपुर ककरही थाना सैदपुर बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि सोनू यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में छह से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया है।




