भांवरकोल: पोखरी में मछली मारते समय फिसला पैर, 50 वर्षीय व्यक्ति की डूबकर हुई मौत
राहुल पटेल, गाज़ीपुर

भांवरकोल, गाज़ीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टोडरपुर निवासी कन्हैया कुशवाहा (उम्र 50 वर्ष) की आज सुबह पोखरी में डूबने से दुखद मौत हो गई। मछली खाने के शौकीन कन्हैया आर्थिक तंगी के चलते गांव के सिवान में स्थित नोनहिया पोखरी में रोजाना मछली मारने जाया करते थे। आज करीब 11 बजे मछली मारने गए कन्हैया का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिरकर डूब गए। तैरना नहीं जानने के कारण उनकी मौत हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, कन्हैया नशे के आदी थे और शराब पीकर पोखरी पर गए थे। नशे में पैर फिसलने से वे पानी में गिर गए होंगे। मृतक के बड़े पुत्र पप्पू कुशवाहा और छोटे भाई ने बताया कि वे शराब के आदि थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ। आसपास के कुछ लोगों ने उन्हें पोखरी की ओर जाते देखा था। संयोगवश वे ही लोग बाद में पोखरी पर पहुंचे और शंका होने पर पानी में उतरकर खोज की, तो कन्हैया डूबा हुआ मिला। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। घर में महिलाएं रोने-चिल्लाने लगीं। कन्हैया की मौत कैसे हुई, यह गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी विंदा देवी, दो पुत्र पप्पू व प्रदीप तथा तीन पुत्रियां सोनम, संजू व मंजू छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। समाचार लिखे जाने तक अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, लेकिन सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।




