
चन्दौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर जुआ खेलते 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 23 मार्च 2026 को ग्राम सेमरा के सिवान में मग्गू पटेल के मकान और बगीचे में की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा। मौके से जुआ खेल रहे सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने फड़ से 1,05,580 रुपये तथा आरोपियों की तलाशी से 11,640 रुपये सहित कुल 1,17,220 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा 12 स्मार्टफोन, 208 ताश के पत्ते, 52 मोटरसाइकिल, 4 खोखा कारतूस (32 बोर) और 1 जिंदा कारतूस (32 बोर) भी जब्त किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से विभिन्न स्थानों पर जुआ खेलते थे और पुलिस से बचने के लिए हर 10-15 दिन में जगह बदल देते थे। पहले वे गंगा किनारे जुआ खेलते थे, लेकिन विवाद होने के बाद उन्होंने अपना ठिकाना बदलकर मग्गू पटेल के घर को अड्डा बना लिया था। जुआ खेलते समय सभी लोग अपने मोबाइल फोन फड़ पर रखते थे, ताकि बाहरी लोगों से पुलिस की गतिविधियों की सूचना मिल सके और समय रहते फरार हो सकें।
इस कार्रवाई को वाराणसी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय संतोष कुमार सिंह व स्वाट/सर्विलांस प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस ने सभी 14 अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0-135/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।




