मुगलसराय में दिनदहाड़े उचक्कों की करतूत: सर्राफा व्यापारी की कार से लैपटॉप और जरूरी कागजात चोरी, अनोखे तरीके से दिया वारदात को अंजाम
रंधा सिंह, चन्दौली

चंदौली। मुगलसराय में सोमवार को जीटी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सर्राफा व्यापारी की कार से उचक्कों ने लैपटॉप और बैग गायब कर दिया। घटना दिनदहाड़े हुई और चोरों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए चालाकी भरा तरीका अपनाया।
जानकारी के अनुसार, बक्सर निवासी सर्राफा व्यापारी कैलाशनाथ अग्रहरी अपने काम से वाराणसी जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने मुगलसराय के जीटी रोड स्थित एक चाय की दुकान पर रुककर चाय पीने का निर्णय लिया। जैसे ही वह दुकान के अंदर गए, उसी समय एक युवक उनके पास आया और बोला — “साहब, आपकी कार से धुआं निकल रहा है!”
यह सुनते ही व्यापारी तुरंत दुकान से बाहर भागे, लेकिन जब कार के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कार का दरवाजा खुला है और अंदर रखा उनका बैग गायब है। उस बैग में लैपटॉप, व्यापारिक कागजात और कुछ नकदी रखी हुई थी। युवक मौके से भाग चुका था।
घटना के बाद व्यापारी कुछ देर तक आसपास तलाश करते रहे लेकिन चोर का कोई पता नहीं चला। स्थानीय लोगों ने बताया कि उचक्के अक्सर ऐसे ही बहाने बनाकर वाहन मालिकों का ध्यान भटकाते हैं और फिर कार या बाइक से सामान लेकर फरार हो जाते हैं।
पीड़ित कैलाशनाथ अग्रहरी ने बताया कि उन्होंने फिलहाल पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामला संदिग्ध भी माना जा रहा है, क्योंकि व्यापारी ने घटना के तुरंत बाद सूचना देने में देरी की और चोरी गए सामान की सटीक जानकारी स्पष्ट नहीं दी।
फिर भी पुलिस का कहना है कि अगर शिकायत दर्ज कराई जाती है तो सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जीटी रोड पर पिछले कुछ महीनों में इस तरह की कई छोटी-बड़ी घटनाएँ हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।



