Ghazipur

मुहम्मदाबाद में गंदगी देखकर भड़कीं एसडीएम हर्षिता तिवारी, मौके पर ही तत्काल कराई नालियों की सफाई

राहुल पटेल, गाज़ीपुर

 

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद नगर पालिका क्षेत्र में साफ-सफाई की लचर व्यवस्था शनिवार को प्रशासनिक सख्ती का कारण बन गई। वार्ड नंबर एक दक्षिण मुहल्ला शाहनिंदा के निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने जगह-जगह फैली गंदगी और नालियों में जमा पानी देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई कर्मियों को फटकार लगाते हुए मौके पर ही नालियों की सफाई कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मोहल्ले के लोगों से बातचीत की और सफाई, पेयजल आपूर्ति, फॉगिंग और एंटीलार्वा छिड़काव की स्थिति की जानकारी ली। लोगों ने बताया कि कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिससे जलजमाव और दुर्गंध फैल रही है। इस पर एसडीएम ने तत्काल सफाई कर्मियों को मौके पर बुलाया और नाली की सफाई शुरू करवाई।

उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई में ढिलाई बरतने पर सफाई कर्मी बलवंत बासफोर और सफाई नायक जैनुद्दीन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम ने कहा कि स्वच्छता पर ध्यान न देने से मच्छरों और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए नियमित सफाई और छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान सभासद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार, नपा कर्मचारी लल्लू यादव, लेखपाल मृत्युंजय राय और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने एसडीएम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अगर प्रशासन इसी तरह सख्त रहे तो क्षेत्र की गंदगी की समस्या जल्द खत्म हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button