यूपी में बकायादारों को बड़ी राहत: ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ शुरू
बिजली विभाग ने लगाए शिविर, घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को दी योजना की विस्तृत जानकारी

मो० आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
~ यूपी में बकायादारों को बड़ी राहत: ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ शुरू
~ बिजली विभाग ने लगाए शिविर, घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को दी योजना की विस्तृत जानकारी
~ एकमुश्त भुगतान पर अधिभार में 100% तक छूट, मूल राशि पर 15-25% तक राहत
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए ‘बिजली बिल राहत योजना-2025’ लागू कर दी है। इस योजना के तहत पुराने बकायादारों को एकमुश्त भुगतान या किस्तों में बिल जमा करने पर भारी छूट का लाभ मिलेगा। योजना को सफल बनाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव शिविर लगा रहे हैं और घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को जागरूक कर रहे हैं।
तीन चरणों में मिलेगी छूट
उप खंड अधिकारी अभिषेक कुमार मौर्या ने बताया कि योजना तीन चरणों में लागू की गई है। जितनी जल्दी बिल जमा करेंगे, उतनी अधिक छूट मिलेगी
– पहला चरण (1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक):
बकाया अधिभार (सरचार्ज) पर 100% छूट + मूल बिल राशि पर 25% छूट
– दूसरा चरण (1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक):
बकाया अधिभार पर 100% छूट + मूल बिल राशि पर 20% छूट
– तीसरा चरण (1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक):
बकाया अधिभार पर 100% छूट + मूल बिल राशि पर अधिकतम 15% छूट
उपभोक्ता चाहें तो बकाया राशि को किस्तों में भी जमा कर सकते हैं।

योजना का लाभ उठाने के लिए ₹2000 पंजीकरण शुल्क अनिवार्य
अधिशासी अभियंता बी.बी. राय ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए सभी उपभोक्ताओं को 2000 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य है। यह शुल्क नजदीकी बिजली घर के कैश काउंटर, जन सेवा केंद्र या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा किया जा सकता है। पंजीकरण के बाद ही छूट का लाभ मिलेगा।
बिजली चोरी के पुराने मामलों में भी 50% छूट
विद्युत चोरी के प्रकरणों में फंसे उपभोक्ताओं के लिए भी राहत की खबर है। सभी प्रकार के चोरी के मामलों में लगी राजस्व पेनाल्टी (सिविल देयता) पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इससे हजारों उपभोक्ता जो वर्षों से जुर्माने के बोझ तले दबे थे, अब राहत की सांस ले सकेंगे।
विद्युत विभाग ने सभी बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और जल्द से जल्द अपना बकाया बिल जमा कर छूट का फायदा लें, ताकि बिजली कनेक्शन सुचारु रूप से चलता रहे और आगे कोई कानूनी कार्रवाई न हो।




