योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, 2026 में डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां
दस साल में रिकॉर्ड दस लाख नियुक्तियों की ओर उत्तर प्रदेश, पुलिस और शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भर्तियां

नीरज सिंह, ख़बर भारत
~ योगी सरकार वर्ष 2026 में युवाओं को देगी डेढ़ लाख सरकारी नौकरियों की सौगात
~ योगी सरकार के नाम दर्ज होगा 10 साल में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का रिकॉर्ड
~ बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरी देने वाली योगी सरकार बनेगी प्रदेश की पहली सरकार
~ सीएम योगी ने बैठक में उच्च अधिकारियों से विभागवार खाली पदों की मांगी जानकारी
~ वर्ष 2026 में पुलिस, शिक्षा, कारागार, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास, बाल विकास पुष्टाहार विभाग की निकलेगी वैकेंसी
~ सबसे अधिक पुलिस और शिक्षा विभाग में 50-50 हजार पदों पर होगी भर्ती, राजस्व में 20 हजार पदों पर होगी भर्ती
~ योगी सरकार ने पिछले साढ़े आठ वर्षों में साढ़े आठ लाख से अधिक युवाओं को दी सरकारी नौकरी
लखनऊ, 18 दिसंबर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को अगले वर्ष एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से विभागवार रिक्त सरकारी पदों का विस्तृत ब्यौरा मांगा था, ताकि लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्तियां की जा सकें। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने की अनुमति दे दी है। ये भर्तियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास, स्वास्थ्य, कारागार और बाल विकास पुष्टाहार समेत विभिन्न विभागों में की जाएंगी। इनमें सबसे अधिक नियुक्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026 में प्रस्तावित भर्तियों के साथ योगी सरकार अपने नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज करने जा रही है। सरकार प्रदेश की पहली ऐसी सरकार बनने की ओर अग्रसर है, जिसने दस वर्षों के कार्यकाल में कुल दस लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य तय किया है। अब तक साढ़े आठ वर्षों में ही प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती से बढ़ा युवाओं का भरोसा
योगी सरकार के कार्यकाल में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया गया है। बीते साढ़े आठ वर्षों में विभिन्न विभागों में हुई सभी भर्तियां मेरिट आधारित रहीं, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास और मजबूत हुआ है। सरकार का कहना है कि पूर्व की सरकारों के दौर में जहां भर्तियों को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठते थे, वहीं मौजूदा व्यवस्था में तकनीक और सख्त निगरानी के माध्यम से चयन प्रक्रिया को स्वच्छ बनाया गया है।
दस साल में रिकॉर्ड दस लाख सरकारी नौकरियां
हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी विभागों में रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में करीब 50-50 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग में करीब 20 हजार पदों पर नियुक्तियां होंगी। वहीं कारागार, आवास विकास, स्वास्थ्य और बाल विकास पुष्टाहार विभाग में भी बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरा जाएगा। कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि कुछ में प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। इन भर्तियों के पूर्ण होने के बाद योगी सरकार दस वर्षों में रिकॉर्ड दस लाख सरकारी नौकरियां देने वाली पहली सरकार बन जाएगी।
पुलिस और शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भर्तियां
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश के अधिकतम युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में अब तक 2.19 लाख पदों पर भर्तियां की जा चुकी हैं। इसी क्रम में वर्ष 2026 में पुलिस विभाग द्वारा करीब 50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इनमें लगभग 30 हजार आरक्षी, 5 हजार उप निरीक्षक और 15 हजार अन्य पद शामिल होंगे।
वहीं शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026 में शिक्षा विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। यह नियुक्तियां सहायक अध्यापक, लेक्चरर और प्रधानाचार्य जैसे पदों पर होंगी। इसके अलावा राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें सर्वाधिक संख्या लेखपाल पदों की होगी। स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार और बाल विकास पुष्टाहार समेत अन्य विभागों में भी करीब 30 हजार पदों पर भर्तियां प्रस्तावित हैं।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इन सभी प्रस्तावित भर्तियों को मिलाकर वर्ष 2026 में कुल नई नियुक्तियों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक होगी। सरकार का मानना है कि इससे न केवल प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।




