रेलवे क्रॉसिंग के पास अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: 50 परिवारों की बस्ती उजड़ी, भारी सुरक्षा में कार्रवाई से मचा हड़कंप
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

गाज़ीपुर। सैदपुर के व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग इलाके में मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से की गई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग इस अभियान को रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण से जोड़कर देख रहे हैं।
कार्रवाई की शुरुआत रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित उस बस्ती से हुई, जहां पिछले करीब 40 वर्षों से बांस और फूस के सहारे लगभग 50 परिवार रह रहे थे। रेलवे विभाग द्वारा छह दिन पहले नोटिस दिए जाने के बाद कई परिवारों ने अपना सामान पहले ही हटा लिया था, लेकिन कुछ लोग अभी भी वहीं मौजूद थे। बुलडोजर चलने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, हालांकि सुरक्षा बल की सख्ती के चलते उनका विरोध ज्यादा देर तक नहीं चल सका।
जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उनके पास रहने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है और वे वर्षों से यहां अस्थायी रूप से जीवन यापन कर रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इसके बाद रेलवे की जमीन पर सड़क किनारे बने लकड़ी के ढांचे और टीन के छप्परों को भी जेसीबी से गिरा दिया गया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में अपना सामान बचाने की होड़ मच गई, जिससे कुछ लोग हल्के रूप से घायल भी हो गए। प्रशासन का कहना है कि रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाना जरूरी है, जबकि स्थानीय लोग पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।




