News

लालपुर-पांडेयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 घंटे के भीतर मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को मुठभेड़ में किया लंगड़ा

वाराणसी में इंसानियत को शर्मसार करती घटना: 4 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया

आरिफ़ अंसारी/ राघवेंद्र सिंह

 

वाराणसी, 5 नवंबर 2025: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है जो समाज के लिए शर्मिंदगी का सबब बन गई। बुधवार (5 नवंबर) दोपहर एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोसी ने दुष्कर्म किया। आरोपी, जो मजदूरी का काम करता है, ने बच्ची को टॉफी के लालच देकर बावनबीघा इलाके में ले गया, जहां सुनसान जगह देखकर सड़क के किनारे झाड़ियों की ओर ले जाकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

घटना की जानकारी मिलते ही पांडेयपुर चौकी प्रभारी प्रवीण सचान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी की तलाश शुरू कर दी। लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात बड़ा लालपुर क्षेत्र के टीएफसी के पास आरोपी करन चौहान को देखा गया। जब पुलिस ने उसे घेर लिया, तो आरोपी ने आत्मसमर्पण के बजाय गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। वह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में सामने आया है कि 30 वर्षीय करन चौहान बच्ची का पड़ोसी है और पहले से ही चोरी के दो मामलों में फरार चल रहा था। वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है। अस्पताल में इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले इसी आरोपी ने उसकी बेटी को भी भगा ले जाने की कोशिश की थी। यह खुलासा मामले को और गंभीर बना देता है, और अब पुलिस आरोपी के अन्य संभावित अपराधों की भी जांच कर रही है।

पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल मासूम के साथ दुष्कर्म का आरोपी करन चौहान

थाना लालपुर-पाण्डेयपुर पुलिस की तत्परता की सराहना

मुठभेड़ के दौरान डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एसीपी नितिन तनेजा, थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह और लालपुर-पांडेयपुर की पूरी पुलिस टीम मौजूद रही। इस कार्रवाई ने न केवल आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगाई है। बच्ची को तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की निगरानी शुरू कर दी है।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी प्रमोद कुमार और एसपी नितिन तनेजा

यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और समाज में फैले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी हो, तो तुरंत संपर्क करें। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button