Varanasi

वाराणसी के ‘नमो वन’ में विश्व रिकॉर्ड के बाद हाई-टेक सुरक्षा

अजय त्रिपाठी, वाराणसी

 

वाराणसी। सुजाबाद-डोमरी स्थित ‘नमो वन’ में एक घंटे में ढाई लाख से अधिक पौधों के रोपण का विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद अब नगर निगम और प्रशासन इन पौधों के संरक्षण के लिए अत्याधुनिक तकनीक अपना रहा है। पौधों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन मॉनिटरिंग और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी व्यवस्था शुरू की जा रही है, वहीं भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।

ड्रोन और सीसीटीवी से 24×7 निगरानी

महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने डोमरी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फैसला लिया गया कि पूरे वन क्षेत्र में 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और दो ड्रोन कैमरों से नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे पौधों की सुरक्षा और रखरखाव पर सतत नजर रखी जा सकेगी।

‘ड्रोन दीदी’ करेंगी सिंचाई, पुलिस संभालेगी सुरक्षा मोर्चा

पौधों की सिंचाई और दवाओं का छिड़काव अब ‘ड्रोन दीदी’ के माध्यम से आधुनिक तकनीक से कराया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए वन क्षेत्र में पुलिस की विशेष ड्यूटी लगा दी गई है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे क्षेत्र में हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं ताकि रात में भी निगरानी संभव हो सके। साथ ही सिंचाई व्यवस्था के लिए 20 नए पंप भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

नीलगायों का हमला और सुरक्षा की चुनौती

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बैरिकेडिंग के अभाव में आवारा मवेशी और नीलगाय वन क्षेत्र में घुस रहे हैं। मंगलवार को एक नीलगाय के घुसने से कुछ पौधों को नुकसान भी पहुंचा। इसे देखते हुए महापौर ने तत्काल फेंसिंग और सुरक्षा घेरा मजबूत करने के निर्देश दिए हैं ताकि मवेशियों का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके।

भ्रामक वीडियो पर सख्त कार्रवाई

विश्व रिकॉर्ड की छवि धूमिल करने की कोशिशों को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। उद्यान विभाग के सुपरवाइजर विनोद साहनी की तहरीर पर ‘इंडिया मिरर वॉइस’ नामक यूट्यूब चैनल और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि इन लोगों ने बिना किसी तकनीकी जानकारी या सक्षम अधिकारी की पुष्टि के भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पौधों के रखरखाव की नियमित कार्ययोजना पहले से लागू है और बिना तथ्यों के दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button