Varanasiशासन प्रशासन

वाराणसी नगर निगम ने तेज की लाइसेंस शुल्क वसूली, पिछले साल के रिकॉर्ड को तोड़ा, स्मार्ट काशी एप से घर बैठे जमा कर सकते हैं शुल्क

वाराणसी में राजस्व बढ़ोतरी की रफ्तार, अब तक 4.13 करोड़ रुपये की हो चुकी है वसूली

अजय त्रिपाठी, वाराणसी

 

 

~ नगर निगम ने तोड़ा लाइसेंस शुल्क वसूली में पुराने रिकॉर्ड

~ स्मार्ट काशी एप से घर बैठे जमा हो रहा शुल्क, अब तक 4.13 करोड़ रुपये से अधिक की हुई वसूली

~ पिछले साल के 2.11 करोड़ के मुकाबले इस बार दोगुना राजस्व, 5.85 करोड़ के लक्ष्य की ओर बढ़े कदम

~ 31 मार्च तक जमा करने का मौका, इसके बाद 50 प्रतिशत लगेगा जुर्माना, विघिक कार्रवाई की भी चेतावनी

~ होटल, नर्सिंग होम और मदिरा दुकानों से हुई सबसे अधिक वसूली; अपर नगर आयुक्त ने अभियान किया तेज

 

वाराणसी। काशी की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने राजस्व वसूली अभियान को तेज कर दिया है। गृहकर और जलकर के अलावा अब लाइसेंस विभाग भी पूर्ण रूप से एक्शन मोड में आ गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक निगम ने लाइसेंस शुल्क के मद में कुल 4,13,58,687 रुपये (लगभग 4.13 करोड़ रुपये) की वसूली कर ली है। इसमें 18,77,550 रुपये चेक के माध्यम से प्राप्त हुए हैं।

इस बार निगम ने पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की कुल वसूली 2.11 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया है। गत वर्ष जहां महज 2.11 करोड़ की वसूली हुई थी, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा दोगुने के करीब पहुंच गया है।

लक्ष्य 5.85 करोड़, 31 मार्च तक हासिल होने की उम्मीद

नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए लाइसेंस शुल्क से 5.85 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान वसूली को देखते हुए 31 मार्च तक लक्ष्य हासिल होना लगभग तय माना जा रहा है।

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि लाइसेंस शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च है। उन्होंने व्यापारियों और संस्थानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द शुल्क जमा कराएं। अन्यथा निर्धारित समय सीमा के बाद बकाया राशि पर 50 प्रतिशत का भारी जुर्माना (अर्थदंड) लगाया जाएगा। साथ ही विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

घर बैठे जमा करें शुल्क, ‘स्मार्ट काशी ऐप’ से बढ़ी सुविधा

निगम ने लाइसेंस शुल्क जमा करने की प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। अब शहर के किसी भी व्यापारी या संस्थान को निगम के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। स्मार्ट काशी ऐप के माध्यम से घर बैठे ही ऑनलाइन लाइसेंस शुल्क जमा किया जा सकता है। इस डिजिटल पहल से न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि वसूली की प्रक्रिया भी तेज हुई है।

देशी-अंग्रेजी शराब की दुकानों और बार से सर्वाधिक आय

विभिन्न श्रेणियों में से कुछ प्रमुख मदों से प्राप्त वसूली इस प्रकार है:

– देशी, अंग्रेजी शराब की दुकानों और बार लाइसेंस से सर्वाधिक 1.66 करोड़ रुपये की आय हुई है।

– होटल एवं गेस्ट हाउस (थ्री स्टार, फाइव स्टार से लेकर छोटे गेस्ट हाउस और लॉज तक) से लगभग 64.14 लाख रुपये।

– नर्सिंग होम, निजी अस्पताल, पैथोलॉजी और क्लीनिकों से 85.45 लाख रुपये।

– ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर (चार पहिया और दो पहिया वाहनों के अधिकृत सर्विस सेंटर) से 11.60 लाख रुपये।

– फाइनेंस, चिटफंड और इंश्योरेंस कंपनियों से 11.40 लाख रुपये।

– निजी कोचिंग संस्थानों से 1.15 लाख रुपये।

 

नगर निगम की यह सक्रियता काशी की विकास योजनाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। व्यापारियों से अपील है कि वे समय रहते शुल्क जमा कर जुर्माने से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button