
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 34 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और ₹30,000 की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास पुराने टिकट घर के समीप यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संभव कुमार आचार्य पुत्र कृष्ण चंद्र, निवासी कृष्णापुर शासन, थाना बालीचंद्रपुर, जिला जाजपुर (उड़ीसा), हाल पता रूम नंबर 205, नयागांव जीप कॉम्प्लेक्स, महाराष्ट्र (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि संभव कुमार एक अंतरराज्यीय टप्पेबाज है, जो एटीएम कार्ड बदलकर और झांसे में लेकर लोगों से पैसे ठगने का काम करता था। आरोपी तकनीकी रूप से निपुण है और देश के कई राज्यों में इसी तरह के अपराधों में लिप्त रहा है।
थाना कैंट वाराणसी में आरोपी के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धारा 318(4)/303(2) बीएनएस व अन्य धाराएँ शामिल हैं। इसके अलावा, उड़ीसा के खुर्दा जनपद में थाना बालीपटरा में दो, फूलनकरा थाने में एक, और महाराष्ट्र के मुंबई के साकीनाका थाने में भी एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन की निगरानी पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त, तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल नितिन तनेजा द्वारा की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक वर्मा, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, आरक्षी नागेंद्र कुमार, आशीष मिश्रा और संजय शामिल रहे।
एसीपी नितिन तनेजा ने बताया कि आरोपी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस उसकी मोबाइल और डिजिटल ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच कर रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य साथियों तक पहुंचा जा सके। आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।



