वाराणसी में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न तरीके से सम्पन्न हुई होली
नीरज सिंह, वाराणसी

वाराणसी। होली पर्व को लेकर शहर में पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए थे। अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं।
12 आईपीएस समेत 6000 जवान तैनात
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ० अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि होली के मौके पर 12 आईपीएस अधिकारियों सहित 35 वरिष्ठ अफसरों और करीब 6000 पुलिसकर्मियों को पूरे शहर में मुस्तैद रखा गया था। विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई, जबकि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर सतर्क नजर
पुलिस ने पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए लगातार निगरानी रखी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही थी। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए थे।
संकरी गलियों में अश्व पुलिस, वाहनों पर सख्ती
नगर की तंग गलियों में अश्व पुलिस बल को तैनात किया गया था। शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। वाहनों की जांच के साथ बिना हेलमेट और दो पहिया वाहन पर तीन सवारी वाले चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
घाटों पर नावों पर रोक, गंगा में गश्त
होली के दौरान घाटों पर किसी तरह का हुड़दंग रोकने के लिए गंगा नदी में नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया था। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम गंगा में लगातार गश्त कर रही थी। आदेश का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि होली के बाद रात 8 बजे तक नावों को संचालन की अनुमति दी गई है।




