News

वाराणसी: राहुल मिश्रा केस में पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम, प्रेमी ‘शुभम डेंजर’ की गिरफ्तारी न होने पर शास्त्री घाट पर धरने की चेतावनी

युवा फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा चौधरी ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र, कहा- पत्नी पर कार्रवाई हुई मगर मुख्य आरोपी पर अब तक शिकंजा नहीं

रिपोर्ट: वीरेन्द्र पटेल।

 

वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के लोहता (बनकट) में हुए चर्चित राहुल मिश्रा आत्महत्या प्रकरण में अब पुलिस प्रशासन के खिलाफ आवाजें तेज होने लगी हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज युवा फाउंडेशन ने पुलिस को आर-पार की चेतावनी दी है। फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा चौधरी ने पुलिस आयुक्त (Police Commissioner) को पत्र लिखकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

युवा फाउंडेशन द्वारा भेजे गए पत्र में साफ कहा गया है कि मृतक राहुल मिश्रा को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया था, जिसका प्रमाण उनके द्वारा बनाया गया वीडियो है। सीमा चौधरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में मृतक की पत्नी संध्या और उसकी मां के खिलाफ तो कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन मुख्य आरोपी प्रेमी शुभम सिंह उर्फ ‘डेंजर’ पर पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उनका कहना है कि मुख्य आरोपी का खुलेआम घूमना पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है।

संगठन ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि इस समय सीमा के भीतर आरोपी शुभम सिंह डेंजर के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई नहीं की गई, तो पीड़ित परिवार और विभिन्न सामाजिक संस्थाएं मिलकर शास्त्री घाट पर अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए बाध्य होंगी। पत्र के माध्यम से फाउंडेशन ने पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button