
राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर
जौनपुर (मड़ियाहूं)। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के कालूपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मड़ियाहूं थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान शबनम पत्नी अल्ताफ हुसैन निवासी कालूपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि देर रात वह कमरे में सोने गई थी, सुबह जब परिवार के लोग उठे तो देखा कि शबनम का शव पंखे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मृतका के भाई ने बताया कि शबनम को उसके ससुराल वाले लंबे समय से प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि “मेरी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है।” परिजनों के अनुसार, विवाहिता की शादी वर्ष 2014 में अल्ताफ हुसैन से हुई थी। शादी के कुछ सालों बाद से ही ससुराल पक्ष उसे बच्चियों के जन्म को लेकर ताने मारने और मारपीट करने लगा था।
भाई के अनुसार, “बहन के पहले बेटी होने के बाद से ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया था। जब दूसरी बेटी हुई तो परिवार ने उसे पूरी तरह से नज़रअंदाज़ करना शुरू कर दिया। जब भी वह बीमार पड़ती, मां चोरी-छिपे पैसे भेजकर उसका इलाज कराती थीं।”
घटना की रात मृतका का मुंबई में रह रहे पति अल्ताफ हुसैन से फोन पर झगड़ा हुआ था। मृतका के भाई ने बताया कि “हमने मां को भेजा था ताकि बहन को मायके लाया जा सके, लेकिन ससुराल वाले उसे भेजने से इंकार कर दिए। रात करीब 10 बजे मैंने देवर सद्दाम हुसैन को फोन किया तो उसने कहा कि सुबह आना, रात में मत आओ।”
मायके पक्ष का कहना है कि ससुराल वालों ने घटना की जानकारी उन्हें नहीं दी। किसी अन्य व्यक्ति के फोन करने पर उन्हें बहन की मौत की सूचना मिली। इसके बाद मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
मृतका के भाई ने सास रुकसाना, दो ननदें नसीबा और सज्जो, तथा देवर सद्दाम हुसैन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा गया कि इन सभी ने मिलकर शबनम की मारपीट कर हत्या की और फिर शव को फांसी पर लटका दिया ताकि आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि मृतका के पति और ससुर मुंबई में रहकर फोन पर लगातार धमकाया करते थे।
मड़ियाहूं थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मृतका शबनम अपने पीछे दो छोटी बेटियों को छोड़ गई है। परिवार के लोगों का कहना है कि बेटियों को अब न्याय दिलाना ही उनकी प्राथमिकता है।




