व्यापार मंडल संग पुलिस आयुक्त की अहम गोष्ठी, शहर के हर प्रमुख चौराहे पर बनेगी 5 सदस्यीय यातायात निगरानी कमेटी
नीरज सिंह, वाराणसी

वाराणसी। शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा शनिवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में व्यापारियों की समस्याओं, सुझावों और यातायात से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी के दौरान पूर्व में लागू की गई यातायात व्यवस्थाओं को लेकर व्यापारियों से विस्तृत फीडबैक लिया गया, जिससे जमीनी स्तर पर इन व्यवस्थाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके। व्यापारियों ने मैदागिन से गोदौलिया तक बनाए गए नो-व्हीकल जोन की खुले मन से सराहना करते हुए इसे आमजन और श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
यातायात जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। रथयात्रा, मालवीय चौराहा, साजन तिराहा, मलदहिया, गोदौलिया, मैदागिन, कोतवाली सहित शहर के अन्य 15 प्रमुख चौराहों पर 5-5 सक्रिय नागरिकों और व्यापारियों की यातायात निगरानी समितियां गठित करने का सुझाव दिया गया। इन समितियों के माध्यम से जाम, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, जुआ और अन्य यातायात संबंधी समस्याओं की समय पर सूचना पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी।
पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैकल्पिक और उपयुक्त पार्किंग स्थलों के निर्धारण को लेकर भी व्यापारियों से व्यावहारिक और क्षेत्र-विशेष सुझाव आमंत्रित किए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण न करें और ग्राहकों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करें।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यातायात सुधार एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें पुलिस प्रशासन के साथ-साथ व्यापारियों और आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
गोष्ठी में उपस्थित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए इस पहल को सकारात्मक और जनहितकारी बताया।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच समन्वय से शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी।




