Ghazipur

शातिर पशु तस्कर गिरफ्तार, गाज़ीपुर पुलिस ने भेजा जेल

गैबीपुर अंडरपास से वांछित पशु तस्कर रामआशीष उर्फ भुल्लन गिरफ्तार

अंकित मिश्रा, गाज़ीपुर

गाजीपुर। सैदपुर थानाक्षेत्र के गैबीपुर अंडरपास से बहरियाबाद थाने के वांछित और शातिर पशु तस्कर रामआशीष यादव उर्फ भुल्लन यादव पुत्र रामदरश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खानपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह अपने हमराहियों के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर पशु तस्कर रामआशीष यादव, जो बहरियाबाद थाना क्षेत्र का वांछित है, औड़िहार रेलवे स्टेशन की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैबीपुर अंडरपास के पास से अभियुक्त को धर दबोचा।

थानाध्यक्ष खानपुर शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शम्भूपुर मंगारी, थाना सादात का निवासी है। उस पर मेहनाजपुर थाने में दो, सादात थाने में एक और बहरियाबाद थाने में एक मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, रामआशीष उर्फ भुल्लन यादव एक कुख्यात पशु तस्कर है और काफी समय से पुलिस को इसकी तलाश थी। उसे संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष है और पशु तस्करी के खिलाफ अभियान को बल मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button