Varanasi

साइबर अपराधियों ने युवक को पुलिसिया कार्रवाई में फंसाने की धमकी देकर उड़ाए ₹1.14 लाख

'हैलो ! मैं क्राइम ब्रांच से बोल रहा हूं, तुम्हें फंसाकर बहुत मारेंगे' ऐसी धमकी देकर साइबर ठगों ने युवक के खाते से मंगाए 1.14 लाख, FIR दर्ज

सैदपुर, गाजीपुर। सैदपुर थानाक्षेत्र के विक्रमपुर गांव का रहने वाला युवक शातिर साइबर अपराधियों के झांसे में आकर बड़ी ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए पुलिसिया कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी और तीन दिनों में युवक से ₹1 लाख 14 हजार अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे दिया गया धमकी भरा कॉल

पीड़ित सुनील यादव ने बताया कि उसका खाता एसबीआई सैदपुर में है। 6 सितंबर को उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और कहा कि उसके मोबाइल से गलत कृत्य किए गए हैं। साथ ही धमकी दी गई कि वह भी इस कृत्य में शामिल है और उसे गिरफ्तार कर थाने में बेरहमी से पीटा जाएगा।

‘मिशन शक्ति 5.0’: वाराणसी में नन्हीं बच्चियों ने एक दिन के लिए संभाली ACP साइबर क्राइम की कुर्सी

 

पीड़ित को डराने के लिए ठगों ने एक वीडियो भी भेजा। इसमें पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोग एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटते दिख रहे थे। वीडियो देखकर सुनील सहम गया और घबराहट में ठगों की मांग पूरी करने लगा।

तीन दिन में ऐसे भेजे पैसे

  • 14 सितंबर: ठगों के दबाव में आकर सुनील ने दो बार में ₹17,000 भेज दिए।
  • 15 सितंबर: लगातार दबाव बढ़ने पर पाँच बार में कुल ₹72,000 ट्रांसफर किए।
  • 16 सितंबर: दो बार में ₹25,000 और भेजे।

इस तरह तीन दिनों के अंदर सुनील ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल ₹1 लाख 14 हजार साइबर अपराधियों को भेज दिए।

रकम की मांग जारी रहने पर टूटा भ्रम

सुनील ने बताया कि लगातार रकम मांगे जाने से उसे शक हुआ और उसने पुलिस की मदद लेना उचित समझा। इसके बाद वह थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।

पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम साइबर अपराधियों के खातों और कॉल डिटेल की जांच कर रही है। जल्द ही इस ठगी के पीछे शामिल आरोपियों का पर्दाफाश कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button