सिरकोनी बाजार में नाबालिग से दुराचार व अपहरण के आरोपी की गिरफ्तारी, जेल भेजा गया
राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

जौनपुर। जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरकोनी बाजार में पुलिस ने नाबालिग से दुराचार और अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की तलाश पुलिस कई महीनों से कर रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की को सौरभ राजभर पुत्र गुलाब राजभर, निवासी चितईपुर, थाना जलालपुर ने बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस संबंध में पीड़िता के परिजनों ने 26 सितंबर 2025 को आरोपी के खिलाफ जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। इस बीच गुरुवार देर शाम जलालपुर थानाध्यक्ष गजानंद चौबे को मुखबिर से सूचना मिली कि दुराचार का आरोपी सिरकोनी तिराहे के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रामभवन यादव व अमरनाथ यादव मय फोर्स मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मौके से हिरासत में लेने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई।
थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में बाल अपराधों से जुड़ी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।




