सैदपुर के जोहरगंज तिराहे पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का भव्य स्वागत, विकास कार्यों के लिए ज्ञापन सौंपा
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

सैदपुर (गाजीपुर)। आज मऊ से होकर आ रहे उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन तथा ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री ए.के. शर्मा का सैदपुर के जोहरगंज तिराहे पर स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने हार्दिक स्वागत किया।
मंत्री एके शर्मा के स्वागत में नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री राम तेज पांडे, सैदपुर के सभासद गणेश वर्मा, सभासद प्रतिनिधि बृजेश वर्मा, सनेउल्लाह सिद्दीकी तथा अन्य समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वागत के दौरान मंत्री जी को फूलमालाएं पहनाई गईं और पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने मंत्री को सैदपुर के समग्र विकास से संबंधित एक ज्ञापन (पत्रक) सौंपा। ज्ञापन में सैदपुर नगर पंचायत को विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ दिलाने, बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली, पानी और अन्य शहरी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने की मांग की गई है। स्थानीय नेताओं ने उम्मीद जताई कि मंत्री जी के प्रयासों से सैदपुर को नई योजनाएं मिलेंगी और क्षेत्र का चहुमुखी विकास होगा।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान तहसील प्रशासन की ओर से जॉइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर तथा सैदपुर के सप्लाई इंस्पेक्टर श्याम मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्था का ध्यान रखा।
स्वागत समारोह समाप्त होने के बाद मंत्री ए.के. शर्मा वाराणसी के लिए रवाना हो गए। यह कार्यक्रम सैदपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों में मंत्री जी के आने से उत्साह का माहौल था और उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि सैदपुर नगर पंचायत को शीघ्र ही प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।




