सैदपुर (गाजीपुर) में रामनवमी पर निकली भव्य श्रीराम शोभा यात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा नगर

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर
सैदपुर (गाजीपुर)। रामनवमी के पावन अवसर पर रविवार को श्रीराम शोभा यात्रा सेवा समिति की ओर से एक भव्य श्रीराम शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ नगर के पक्का घाट स्थित रामलीला मंच से हुआ, जहां श्रीराम भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
रामलीला मंच पर एकत्र श्रद्धालुओं ने पारंपरिक परिधानों में सजी श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकियों को देखा और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शोभा यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा में भगवा ध्वज हाथों में लिए युवाओं का जोश देखते ही बनता था।
यात्रा नगर के दक्षिण बाजार, हरि चौराहा, पश्चिम बाजार, रानीचौक, बड़ी सब्जीमंडी, मेन रोड, डाक बंगला, तहसील मुख्यालय, शाकुंभरी त्रिमुहानी, नगर पंचायत कार्यालय और पूरब बाजार से होते हुए बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर तक पहुंची। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। घरों की छतों से भी श्रद्धालु फूलों की वर्षा करते दिखाई दिए।
डाक बंगला चौराहे पर यात्रा का स्वागत करते हुए विधान परिषद सदस्य विशाल उर्फ चंचल सिंह, पूर्व प्रदेश मंत्री भाजपा रामतेज पांडेय और वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण सिंह ने भगवान श्रीराम की आरती की और यात्रा में शामिल हुए। शोभा यात्रा के समापन पर श्रद्धालु बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर में एकत्र होकर भगवान शिव और राम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, रिंकू चौरसिया, अविनाश बरनवाल, विकास बरनवाल, हरिशरण वर्मा, काजल किन्नर, पूनम मौर्या, अतुल सिंह, आशू सहित नगर के सैकड़ों श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।



विज्ञापन







