सैदपुर (गाजीपुर): लेखपाल भवन के लिए भूमि पूजन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने की शुरुआत
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

सैदपुर (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के अध्यक्ष राहुल मौर्या के नेतृत्व में लेखपालों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की मदद से तहसील परिसर में लेखपाल भवन बनाने का प्रयास शुरू हो गया है। शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में लेखपालों की भूमिका अहम है और उनके ड्यूटी के साथ-साथ अन्य कार्यों में भी सहयोग लिया जाता है। तहसील परिसर में लेखपाल भवन बनने से उन्हें काफी सुविधा होगी।
राहुल मौर्या ने बताया कि वर्तमान लेखपाल कक्ष जर्जर हो चुका है और जैसे-तैसे मरम्मत कराकर कार्य संपादित किया जा रहा है। कई वर्षों से भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। सभी लेखपालों से चर्चा के बाद जर्जर भवन के पीछे खाली पड़ी जमीन पर नया भवन बनाने की योजना बनाई गई, जिसमें लेखपालों के अलावा गणमान्य नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा। भवन बनने से लेखपालों को इधर-उधर नहीं बैठना पड़ेगा और बैठक एवं कार्यक्रमों में भी सुविधा होगी। इस अवसर पर जितेंद्र, परमानंद, तेजवीर, जया, दिनेश, अभिषेक, भानू आदि उपस्थित रहे।




