
रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
सैदपुर/गाजीपुर | गाजीपुर के सैदपुर स्थित जी बी इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को दो दिवसीय ‘एनुअल स्पोर्ट्स मीट’ का शानदार शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर खेल के मैदान में शिक्षा और खेल जगत की दो महान प्रतिभाओं का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी और ओलंपियन राजकुमार पाल तथा सैदपुर के उपजिलाधिकारी (IAS) रामेश्वर सुधाकर उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों ने विद्यालय के स्पोर्ट्स कैप्टन रिशु सिंह और कृतिका जायसवाल को ‘स्पोर्ट्स मशाल’ सौंपकर की। इसके पूर्व, मां सरस्वती और विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय अजय बरनवाल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। शांति के प्रतीक सफेद गुब्बारों को आसमान में छोड़ने के बाद जबरदस्त आतिशबाजी के बीच अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
खेल मैदान में विद्यार्थियों के जोश और उत्साह के बीच विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें कराटे स्कूल चैंपियनशिप, खो-खो, कबड्डी, हर्डल रेस, रिले रेस, कोन रेस, ‘खतरों के खिलाड़ी’, 100 व 200 मीटर स्प्रिंट और रस्साकशी (Tug of War) प्रमुख आकर्षण रहे। छात्रों को संबोधित करते हुए IAS रामेश्वर सुधाकर ने अपने विद्यार्थी जीवन को याद किया और कहा कि क्षेत्र चाहे खेल का हो या पढ़ाई का, अगर पूरी लगन और मेहनत से प्रयास किया जाए, तो सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। वहीं, ओलंपियन राजकुमार पाल ने विद्यालय की खेल भावना की सराहना करते हुए बच्चों को अनुशासन का महत्व समझाया। उन्होंने छात्रों को विशेष रूप से मोबाइल फोन की लत से दूर रहने और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेकर स्वस्थ रहने की नसीहत दी।
इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज एक ही मंच पर आईएएस और ओलंपियन के रूप में शिक्षा और खेल, दोनों क्षेत्रों की सर्वोच्च उपलब्धियों को साथ देखना गर्व का विषय है। प्रधानाचार्य ए.के. बर्तरिया ने बताया कि ऐसे आयोजन छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। कार्यक्रम के अंत में निदेशक प्रियंका बरनवाल ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और इसे छात्रों के लिए अविस्मरणीय दिन बताया। इस दौरान ज्ञान भारती ट्रस्ट की अध्यक्षा दीपा बरनवाल, देवेंद्र जायसवाल, रुद्र सिंह, अरविंद राय, आकाश बरनवाल, गगन बरनवाल और बी.एस. यादव सहित समस्त शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।




