सैदपुर: वेद इंटरनेशनल स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना, ‘दांडी मार्च’ की झांकी ने मोहा सबका मन
तहसीलदार हिमांशु सिंह ने किया ध्वजारोहण, छात्रों के 'मानव पिरामिड' और देशभक्ति गीतों से गूंजा स्कूल परिसर

ख़बर भारत।
सैदपुर/बासुपुर। सैदपुर के बासुपुर स्थित वेद इंटरनेशनल स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वाइस चेयरमैन दिनेश श्रीवास्तव और प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सैदपुर के तहसीलदार हिमांशु सिंह और विशिष्ट अतिथि नायब तहसीलदार अजय वर्मा व डॉ. जी.एस. लाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली छात्रों ने अपनी प्रतिभा से समां बांध दिया। ऋग्वेद, सामवेद, यजुर्वेद और अथर्ववेद हाउस के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा बनाया गया ‘मानव पिरामिड’ और स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाती ‘दांडी मार्च’ की जीवंत प्रस्तुति रही, जिसने वहां मौजूद अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, ‘ओ मिट्टी के बेटे’ गीत पर कक्षा 11वीं के छात्रों के रोल प्ले ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक पंकज प्रकाश श्रीवास्तव ने छात्रों को संविधान के मूल्यों का पालन करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया। इस सफल आयोजन में प्रधान निदेशक ऋचा श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा, उप-प्रधानाचार्य महेश शुक्ला सहित समस्त शिक्षकगण और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




