Varanasi

Varanasi: सोनभद्र पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा वार, भोला प्रसाद जायसवाल की फिर ₹5.77 करोड़ की संपत्ति कुर्क

पहले ही ₹28.50 करोड़ की संपत्ति जब्त, अब वाराणसी में 7 अचल संपत्तियां, 4 वाहन और बैंक बैलेंस पर कार्रवाई

 ख़बर भारत डेस्क

 

सोनभद्र पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा वार, भोला प्रसाद जायसवाल की फिर ₹5.77 करोड़ की संपत्ति कुर्क

पहले ही ₹28.50 करोड़ की संपत्ति जब्त, अब वाराणसी में 7 अचल संपत्तियां, 4 वाहन और बैंक बैलेंस पर कार्रवाई

 

 

सोनभद्र। अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद सोनभद्र पुलिस ने एक बार फिर संगठित अपराधियों पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना रॉबर्ट्सगंज पर पंजीकृत मु0अ0सं0-1191/2025 में नामजद अभियुक्त भोला प्रसाद जायसवाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की गई है।

 

माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पूर्व में दिनांक 23 जनवरी 2026 को अभियुक्त की लगभग ₹28 करोड़ 50 लाख मूल्य की चल-अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी है। इसी क्रम में जांच के दौरान सामने आई अवैध तस्करी से अर्जित अन्य संपत्तियों पर भी सोनभद्र पुलिस ने शिकंजा कसते हुए वाराणसी जनपद में अभिग्रहण/कुर्की की कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई के अंतर्गत वाराणसी के मड़ौली, भरलाई (तहसील सदर) और जगदीशपुर (तहसील पिंडरा) क्षेत्र में स्थित अभियुक्त एवं उसके परिजनों की कुल 7 अचल संपत्तियां, जिनकी कीमत ₹4,55,02,762 है, को कुर्क किया गया है। इसके साथ ही अभियुक्त के नाम पंजीकृत 4 वाहन, जिनकी कुल कीमत ₹51,16,000 है, तथा विभिन्न बैंक खातों में जमा ₹70,99,228 की राशि को भी अभिग्रहित किया गया है।

इस प्रकार दिनांक 31 जनवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई में कुल ₹5,77,17,990 की अवैध संपत्ति कुर्क/अभिग्रहित की गई है। कुर्की की इस पूरी कार्रवाई को SIT निरीक्षक श्री प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक श्री नागेश सिंह (थाना हाथीनाला) एवं SIT उपनिरीक्षक श्री घनश्याम तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संपन्न कराया गया।

सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक औषधियों की तस्करी और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर, प्रभावी एवं निरंतर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button