Ghazipur

सैदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर अपराधी सचिन उर्फ गुड्डू गिरफ्तार, अवैध असलहा और लूट का सामान बरामद

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय 

गाजीपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 18 मई 2025 को सैदपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने गैवीपुर अंडरपास के पास से वांछित अभियुक्त सचिन उर्फ गुड्डू, निवासी भद्रसेन, थाना सैदपुर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सैदपुर के पर्यवेक्षण में की गई।

गिरफ्तारी के समय अभियुक्त के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP61A7217), एक मोबाइल फोन, एक सफेद धातु की सिल्ली और तीन पीली धातु की सिल्लियां बरामद की गईं। पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

पूछताछ में सामने आया कि सचिन सैदपुर और सादात क्षेत्रों में लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उस पर पहले से दर्ज कई मुकदमों में कार्रवाई लंबित थी। पुलिस ने इस गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ चल रहे पुराने मुकदमों में भी धाराएं बढ़ाई हैं।

अभियुक्त के खिलाफ दर्ज संगीन मुकदमों में हत्या की कोशिश, लूट, अवैध हथियार और हिंसात्मक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सचिन लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार स्थान बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।

गिरफ्तारी में थाना सैदपुर के प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक प्रताप नारायण यादव, कौशलेश शर्मा, मुख्य आरक्षी बलराम तिवारी और आरक्षी अभिषेक शुक्ला, रोहित कुमार और विष्णु गौतम की भूमिका सराहनीय रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button