News

यूपी में भीषण ठंड का प्रकोप: सीएम योगी का बड़ा आदेश, 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद, अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा- रैन बसेरों में हो पुख्ता इंतजाम, अलाव और कंबल की कमी न हो, यह सुनिश्चित करें कि कोई भी खुले में न सोए

डेस्क- ख़बर भारत।

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड और शीतलहर (Cold Wave) के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश के नौनिहालों को ठंड से बचाने के लिए सीएम योगी ने सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, प्रदेश में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा।

मुख्यमंत्री ने केवल स्कूलों की छुट्टी तक ही सीमित न रहते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। सीएम योगी ने स्पष्ट कहा है कि शीतलहर के दौरान सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें और जमीनी हालात पर नजर रखें। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि हर जनपद में जरूरतमंदों के लिए कंबल और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा, रैन बसेरों (Shelter Homes) को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने अधिकारियों को ताकीद की है कि रैन बसेरों में साफ-सफाई और ठहरने की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। सीएम का सख्त निर्देश है कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन को पूरी तरह से मुस्तैद रहने को कहा गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button