7 घंटे का हाई-वोल्टेज ड्रामा: सिरफिरे आशिक का ‘तमंचा लव’, पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर बचाई बच्चे की जान

डेस्क: ख़बर भारत।
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में शुक्रवार को 7 घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चला, जब एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका के बच्चे को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया। आरोपी बार-बार प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा और धमकी देता रहा कि उसकी मांग पूरी न हुई तो वह मासूम को जान से मार देगा।
पुलिस ने पहले बातचीत और समझाइश से मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन जब सारी रणनीतियां नाकाम हो गईं तो हाफ एनकाउंटर का सहारा लेना पड़ा। मुठभेड़ में आरोपी युवक दीपू घायल हो गया और पुलिसकर्मी उसे पीठ पर लादकर अस्पताल ले गए। वहीं, बंधक बनाए गए मासूम को सुरक्षित छुड़ा लिया गया।
आखिर क्या है पूरा मामला?
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जेरकिला निवासी दीपू ने चार महीने पहले तीन बच्चों की मां से कोर्ट मैरिज की थी। बाद में महिला किसी वजह से उसे छोड़कर चली गई, जिससे गुस्से में आकर दीपू ने बच्चे का अपहरण कर लिया।
तनावपूर्ण माहौल के बीच आरोपी कभी तमंचे को बच्चे पर तानता तो कभी खुद पर, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। आखिरकार पुलिस की कड़ी मशक्कत और हाफ एनकाउंटर के बाद सात घंटे लंबा ये ड्रामा खत्म हुआ।




